दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में अवैध अतिक्रमण हटाने गई पुलिस टीम पर पत्थरबाजी की घटना सामने आई, जिसमें अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले को लेकर ऐमन रिजवी पर भी आरोप लगे थे, लेकिन उन्होंने वीडियो संदेश जारी कर खुद को पूरी घटना से अलग बताया। ऐमन ने कहा कि उन्होंने कोई ऐसा वीडियो नहीं बनाया जिससे दंगा भड़क सके और कहा कि वह पुलिस की हर जांच में सहयोग करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने पत्थरबाजी की निंदा करते हुए कहा कि दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।

बुलडोजर कार्रवाई मंगलवार-रात 12 बजे के करीब शुरू हुई, जिसमें 32 बुलडोजर, 50 डंपर और 200 से अधिक मजदूर शामिल थे। रात करीब सवा 1 बजे पुलिस पर पत्थरबाजी शुरू हुई, जो लगभग 10 मिनट तक चली। पुलिस ने भीड़ को खदेड़ने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इलाके में सुरक्षा का कड़ा बंदोबस्त किया गया है।

