राँची के धुर्वा इलाके से लापता भाई-बहन की जल्द बरामदगी की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने शहीद मैदान के पास विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन शामिल हुए। मामले की गंभीरता को देखते हुए राँची के एसएसपी राकेश रंजन और ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर स्वयं लापता बच्चों के मुहल्ले में पहुंचे। उन्होंने परिवारजनों और आसपास के लोगों से पूरी जानकारी ली और घटनास्थल का जायजा

लिया। एसएसपी राकेश रंजन ने प्रदर्शन कर रहे लोगों और परिजनों को भरोसा दिलाया कि दोनों बच्चों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जिन्हें कई संभावित शहरों में रवाना किया गया है। उन्होंने जल्द बरामदगी का आश्वासन दिया। एसएसपी के आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया। बताया जा रहा है कि चार जनवरी से दोनों बच्चे लापता हैं, जिनमें भाई की उम्र 6 वर्ष और बहन की उम्र 5 वर्ष बताई जा रही है।

