ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) ने मंगलवार को धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (BBMKU) के कुलपति राम कुमार सिंह का पुतला दहन किया। संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर छात्रों से जुड़े गंभीर और लंबे समय से लंबित शैक्षणिक मुद्दों की अनदेखी का आरोप लगाया। AISA नेताओं का कहना है कि सत्र में लगातार देरी, बुनियादी शैक्षणिक सुविधाओं का अभाव, शिक्षकों की भारी कमी और प्रशासनिक उदासीनता के कारण हजारों छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ गया है। संगठन ने इसे छात्र समुदाय के साथ गंभीर अन्याय बताया और कहा कि अब इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन के बाद AISA कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने के लिए कुलपति का पुतला दहन किया। संगठन ने मांग की कि शैक्षणिक सत्र समयबद्ध तरीके से

संचालित किए जाएं, सभी कॉलेजों में कैंटीन और पूर्ण पुस्तकालय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, एलएलएम पाठ्यक्रम तत्काल शुरू किया जाए, तथा विश्वविद्यालय और संबद्ध कॉलेजों में शिक्षकों की शीघ्र नियुक्ति की जाए। इसके साथ ही कॉलेज परिसरों में ठेकेदारों द्वारा किए गए कथित अवैध कब्जे को हटाने की भी मांग की गई। AISA ने चेतावनी दी कि यदि इन मांगों पर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन विश्वविद्यालय गेट पर अनिश्चितकालीन तालाबंदी करने को मजबूर होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।

