पाकुड़ जिले में युवाओं एवं आम नागरिकों को पुस्तकों की दुनिया से पुनः जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के द्वारा वीआईपी रोड, सिदो कान्हू पार्क के समीप पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस पहल के माध्यम से जिले में पढ़ने की आदत को बढ़ावा देने एवं साहित्यिक वातावरण विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।उपायुक्त ने पुस्तक प्रदर्शनी का जायजा लिया और आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में पुस्तकों से दूर होती जा रही पीढ़ी को पुनः पढ़ाई और ज्ञान की ओर लौटाना समय की आवश्यकता है। पुस्तकें न केवल ज्ञान का स्रोत हैं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, चिंतनशील सोच और जीवन मूल्यों को भी सुदृढ़ करती हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि हर रविवार वीआईपी रोड पर नियमित रूप से बुक स्टॉल लगाए जाएंगे, ताकि लोगों को सहज रूप से पुस्तकों तक पहुँच मिल सके। इसके साथ ही पाकुड़ के पुस्तक एवं साहित्य प्रेमियों के लिए रीडिंग क्लब का गठन किया जाएगा जहाँ लोग अपनी पसंदीदा पुस्तकों लेखकों एवं साहित्यिक कृतियों पर चर्चा कर सकेंगे। उपायुक्त ने कहा कि यह पहल युवाओं में रीडिंग हैबिट विकसित करने, सकारात्मक संवाद की संस्कृति को बढ़ावा देने तथा मानसिक एवं बौद्धिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होगी।
