
भागलपुर में आज भूमि सुधार जन कल्याण संवाद का आयोजन किया गया है, जिसमें बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री विजय कुमार सिन्हा शामिल होंगे। आयोजन के पहले ही टाउन हॉल में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई है। लोग अपनी-अपनी जमीन से जुड़ी समस्याओं को लेकर मंत्री से सीधे बातचीत करने के लिए पहुंचे हैं। भूमि सुधार जन कल्याण संवाद में टाउन हॉल में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी शुरू की गई, ताकि हर व्यक्ति अपनी शिकायत और समस्या मंत्री तक पहुंचा सके। मंत्री विजय सिन्हा लोगों से वन-टू-वन बातचीत करेंगे और उनकी जमीन संबंधी समस्याओं का समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। स्थानीय अधिकारियों और प्रशासन की पूरी व्यवस्था के बीच यह संवाद कार्यक्रम शुरू हुआ, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि हर नागरिक को अपनी समस्या रखने का अवसर मिले। अधिकारियों के अनुसार, इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों की जमीन संबंधी समस्याओं को सुनना और उनके त्वरित समाधान की दिशा में कदम उठाना है।

