26 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह मनाने को लेकर समाहरणालय के सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि गणतंत्र दिवस से जुड़े सभी कार्य समय से पूर्व एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएँ। गणतंत्र दिवस के अवसर पर पूर्वाह्न 09:05 बजे रानी ज्योतिर्मयी स्टेडियम में झंडोत्तोलन एवं परेड समारोह आयोजित होंगे जिसके लिए 21, 22 एवं 23 जनवरी को पूर्वाभ्यास तथा 24 जनवरी को अंतिम अभ्यास कराया जाएगा। इस दौरान किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति से निपटने हेतु सिविल सर्जन को एंबुलेंस एवं चिकित्सा दल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर बच्चों द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएगी, 24 जनवरी को साइकिलिंग कार्यक्रम, 25 जनवरी को मैराथन दौड़, विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा झांकियों का प्रदर्शन, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।उपायुक्त ने प्रशासक नगर परिषद को निर्देश दिया कि शहर में व्यापक सफाई अभियान चलाकर 20 जनवरी तक पूर्ण किया जाए,विशेषकर रानी ज्योतिर्मयी स्टेडियम तक जाने वाली सड़कों एवं नालियों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए।

यातायात व्यवस्था के तहत 25 जनवरी को सुबह 6 बजे से 9 बजे तक, 26 जनवरी को सुबह 6 बजे से अपराह्न 3 बजे तक शहर में भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।इसे सुनिश्चित करने हेतु एसडीपीओ पाकुड़ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित करने का निर्देश दिया गया। गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में 26 जनवरी की संध्या 6 बजे से रविन्द्र भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए अरुण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन,अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, सिविल सर्जन डॉ. सुरेन्द्र कुमार मिश्रा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अजय सिंह बड़ाईक, जिला परिवहन पदाधिकारी मिथलेश कुमार चौधरी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी कुमार अभिषेक सिंह, एसडीपीओ पाकुड़ डी.एन. आज़ाद सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

