फरीदाबाद नगर निगम ने नियमों का उल्लंघन कर बनाई गई चार मंजिला इमारतों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी कर ली है। निगम द्वारा तैयार की गई सूची के अनुसार, अकेले एनआईटी जोन में ऐसी 15 इमारतें चिन्हित की गई हैं, जिनका निर्माण सरकारी नियमों के खिलाफ किया गया है। निगम अधिकारियों के मुताबिक, राज्य सरकार ने चार मंजिला इमारतों के निर्माण पर रोक लगा रखी है, इसके बावजूद इन भवनों का निर्माण किया गया। इन इमारतों के कारण आसपास के मकानों में दरारें पड़ने की शिकायतें सामने आई हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई जा रही है। नगर

निगम का कहना है कि इन अवैध निर्माणों में न तो पड़ोसी की एनओसी ली गई और न ही सड़क की निर्धारित चौड़ाई के नियमों का पालन किया गया। ऐसे में निगम न सिर्फ इन इमारतों पर कार्रवाई करेगा, बल्कि इन्हें बनाने वाले बिल्डरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की भी तैयारी है। गौरतलब है कि निगम द्वारा लगाए गए शिकायत निवारण कैंपों में भी चार मंजिला इमारतों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह सख्त कदम उठाने का फैसला किया गया है।

