मध्यप्रदेश के इंदौर में दूषित पानी पीने से अब तक 14 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, हालांकि सरकारी आंकड़ों में केवल 4 मौतों की पुष्टि की गई है। इस घटना में 100 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती बताए जा रहे हैं, जबकि कई अन्य अभी भी बीमार हैं। मामले को लेकर प्रदेश सरकार पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच बीजेपी की वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने इस गंभीर घटना पर अपनी ही सरकार की कड़ी आलोचना की है। उमा भारती ने लिखा कि 2025 के अंत में इंदौर में गंदा पानी पीने से हुई मौतों ने पूरे प्रदेश, सरकार और व्यवस्था को शर्मिंदा और

कलंकित किया है। उन्होंने कहा कि देश का सबसे स्वच्छ शहर कहलाने वाले इंदौर में इतनी बदसूरती, गंदगी और जहरीला पानी लोगों की जान ले रहा है और मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। घटना के बाद प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लग रहे हैं, जबकि सरकार की ओर से मामले की जांच और हालात पर नियंत्रण की बात कही जा रही है।

