नववर्ष के अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने सोनाजोड़ी स्थित ओल्ड एज होम एवं चापाडांगा स्थित बाल आश्रय गृह का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने आश्रय गृह में रह रहे बुजुर्ग महिला पुरुषों एवं बच्चों से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।उपायुक्त ने सभी बुजुर्गों एवं बच्चों के बीच कंबल एवं मिठाइयों का वितरण किया। उन्होंने ठंड के मौसम को देखते हुए आश्रय गृह में रह रहे सभी लोगों की विशेष देखभाल सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को दिया।उपायुक्त ने आश्रय गृहों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए आवास,भोजन,स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की तथा आवश्यक सुधार हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाज के बुजुर्गों एवं

बच्चों की सुरक्षा, सम्मान एवं गरिमा की रक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि ठंड के मौसम में किसी भी प्रकार की समस्या न हो तथा सभी आश्रितों को समय पर भोजन, गर्म कपड़े एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन द्वारा समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण हेतु ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।मौके पर सिविल सर्जन, विशेष कार्य पदाधिकारी, एसडीपीओ महेशपुर, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

