6 से 10 जनवरी तक होंगे प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेले, जागरूकता रथ रवाना |

6 से 10 जनवरी तक होंगे प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेले, जागरूकता रथ रवाना |

जिले में आमजनों को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करने एवं आगामी प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेले की जानकारी पहुँचाने के उद्देश्य से उपायुक्त मनीष कुमार एवं सिविल सर्जन डॉ सुरेन्द्र कुमार मिश्रा एवं विशेष कार्य पदाधिकारी त्रिभुवन कुमार सिंह, एसडीपीओ महेशपुर विजय कुमार एवं जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ के.के.सिंह, प्रशासक, नगर परिषद अमरेन्द्र कुमार चौधरी के द्वारा संयुक्त रूप से स्वास्थ्य जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले के सभी प्रखंडों में दिनांक 6 जनवरी से 10 जनवरी तक प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा। इन मेलों का मुख्य उद्देश्य यह है कि प्रखंड स्तर पर ही आम नागरिकों को सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें, ताकि उन्हें जिला मुख्यालय या अन्य स्थानों पर जाने की आवश्यकता न पड़े।उपायुक्त ने बताया कि इसी उद्देश्य के तहत स्वास्थ्य जागरूकता रथ को रवाना किया गया है,जो जिले के सभी प्रखंडों में भ्रमण कर स्वास्थ्य मेले से संबंधित जानकारी लोगों तक पहुँचाएगा।

उन्होंने कहा कि अगले दो से तीन दिनों के भीतर सभी प्रखंडों से इस प्रकार के जागरूकता रथ रवाना किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य मेले के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी जो अलग दिनों में विभिन्न प्रखंडों में सेवाएं देंगे। साथ ही दिव्यांगता जांच शिविर का आयोजन कर दिव्यांग प्रमाण पत्र का निष्पादन किया जाएगा। श्रवण बाधित व्यक्तियों के लिए हियरिंग एड सहित आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे। साथ ही उपायुक्त ने नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए आम नागरिकों से अपील किया कि वे अपने प्रखंडों में आयोजित होने वाले स्वास्थ्य मेले में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इसका लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या है, तो मेले के माध्यम से उसका समुचित इलाज अवश्य कराएं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *