
भारत और बांग्लादेश के बीच संबंध इन दिनों नाजुक और तनावपूर्ण बने हुए हैं। इसी बीच एक अहम घटनाक्रम सामने आया है, जहां भारत में बांग्लादेश के हाई कमिश्नर एम रियाज हमीदुल्लाह को एक ‘अर्जेंट कॉल’ मिलने के बाद रातों-रात ढाका लौटना पड़ा। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों में हालिया स्थिति को देखते हुए बांग्लादेश सरकार ने नई दिल्ली में तैनात अपने हाई कमिश्नर को अर्जेंट बेसिस पर ढाका तलब किया है। अचानक हुई इस वापसी को भारत-बांग्लादेश संबंधों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। हालांकि, इस अर्जेंट कॉल की आधिकारिक वजह सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन कूटनीतिक हलकों में इसे दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। इस घटनाक्रम ने भारत-बांग्लादेश रिश्तों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

