हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के ध्रुव न्यू जेनरेशन यानी ध्रुव एनजी हेलीकॉप्टर ने बेंगलुरु में अपनी पहली उड़ान सफलतापूर्वक पूरी कर ली। इस उपलब्धि के साथ ही एचएएल ने औपचारिक रूप से नागरिक उड्डयन हेलीकॉप्टर क्षेत्र में प्रवेश कर लिया है। इस ऐतिहासिक उड़ान को माननीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ध्रुव एनजी हेलीकॉप्टर को आधुनिक तकनीक, बेहतर सुरक्षा मानकों और उन्नत उड़ान क्षमताओं के साथ विकसित किया गया है। यह हेलीकॉप्टर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है।

एचएएल अधिकारियों के अनुसार, ध्रुव एनजी का उपयोग भविष्य में यात्री परिवहन, आपातकालीन सेवाओं, मेडिकल इवैक्यूएशन और अन्य नागरिक उड्डयन जरूरतों के लिए किया जाएगा। इस सफल पहली उड़ान को भारत के स्वदेशी एयरोस्पेस क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक और मजबूत कदम है।

