
धनबाद जिले के कतरास बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान में हुई सनसनीखेज डकैती कांड का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। इस मामले में चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से भारी मात्रा में सोना और चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। यह घटना 30 दिसंबर 2025 की है, जब कतरास थाना क्षेत्र के खेतान टावर कॉम्पलेक्स स्थित श्री जमुना दास विशेश्वर लाल ऑर्नामेंट्स में 10 से 15 अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर गार्ड को बंधक बनाकर डकैती को अंजाम दिया था। अपराधी करीब 20 से 22 किलो चांदी और 300 से 400 ग्राम सोना लूटकर फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आगे की जांच में जुटी है और फरार अपराधियों की तलाश जारी है।
