
तुर्की के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में इस्लामिक स्टेट यानी ISIS के आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच एक घातक मुठभेड़ हुई है। इस कार्रवाई में तुर्की पुलिस ने 6 आतंकवादियों को मार गिराने का दावा किया है, जबकि 3 पुलिसकर्मी शहीद हो गए। इस घटना में कम से कम 8 अन्य पुलिसकर्मी और एक नाइट गार्ड घायल हुए हैं। यह मुठभेड़ इस्तांबुल के दक्षिण में स्थित यालोवा प्रांत के एलमाली जिले में हुई, जब पुलिस ने आतंकवादियों के छिपे होने की सूचना पर एक घर में छापा मारा। ऑपरेशन के दौरान आसपास के इलाकों को पूरी तरह सील कर दिया गया और विशेष बलों को भी तैनात किया गया। तुर्की के गृह मंत्री अली येरलिकाया ने बताया कि यह ऑपरेशन देश के 15 प्रांतों में आईएस संदिग्धों के खिलाफ चलाए जा रहे बड़े अभियान का हिस्सा था। घर में मौजूद महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद इलाके के स्कूल बंद कर दिए गए और जांच शुरू कर दी गई है।

