
मेक्सिको के दक्षिणी राज्य ओक्साका में एक भीषण रेल हादसा हुआ है। यहां इंटरोशियनिक यात्री ट्रेन के पटरी से उतर जाने से कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 98 यात्री घायल हो गए। यह ट्रेन प्रशांत महासागर तट के सलीना क्रूज को खाड़ी तट के कोट्जाकोआल्कोस से जोड़ने वाली लाइन पर चल रही थी। ट्रेन में 241 यात्री और 9 क्रू मेंबर सवार थे। अधिकारियों के अनुसार हादसा निजांडा शहर के पास एक तेज मोड़ पर हुआ, जहां ट्रेन का इंजन पटरी से उतर गया और कुछ कोच पलट गए। दुर्घटना के बाद मेक्सिकन नेवी, सेना, सिविल प्रोटेक्शन और मेडिकल टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। 36 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबॉम ने हादसे पर दुख जताया है और जांच के आदेश दिए गए हैं। अटॉर्नी जनरल कार्यालय स्पीड, ब्रेक सिस्टम और ट्रैक की स्थिति की जांच कर रहा है।

