पाकुड़ जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।विधायक निसात आलम और उपायुक्त मनीष कुमार ने नगर परिषद क्षेत्र के कालिकापुर में स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।उद्घाटन समारोह के दौरान विधायक निसात आलम एवं उपायुक्त मनीष कुमार ने अपना बीपी जांच भी कराया और केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विधायक निसात आलम ने कहा कि इस आरोग्य मंदिर के शुरू होने से नगर परिषद क्षेत्र के निवासियों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं, चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक दवाइयां और जांच सुविधाएं आसानी से उपलब्ध होंगी। उन्होंने जोर दिया कि सरकार की सर्वोच्च

प्राथमिकता आमजन तक सस्ती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिय कि मंदिर में नियमित डॉक्टरी सेवाएं, दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता तथा पूर्ण स्वच्छता सुनिश्चित की जाए।उपायुक्त ने इसे स्थानीय नागरिकों के लिए एक बड़ा मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि अब लोगों को प्रारंभिक उपचार और बेसिक जांचों के लिए सदर अस्पताल जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यहां योग्य डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ की नियमित मौजूदगी रहेगी। उपायुक्त ने विश्वास जताया कि जिले के अन्य आरोग्य मंदिरों की तरह यह केंद्र भी सफलतापूर्वक संचालित होगा और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करेगा।कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण भी किया गया, जिससे सर्दी के मौसम में राहत मिले।

