
पवित्र नगरी अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में प्रभु रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ 31 दिसंबर को भव्य रूप से मनाई जाएगी। देश-विदेश से श्रद्धालुओं के बड़ी संख्या में अयोध्या पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर मंदिर परिसर और पूरे शहर में उत्सव का माहौल है। प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ से जुड़े धार्मिक अनुष्ठान आज 27 दिसंबर से शुरू हो चुके हैं। मुख्य समारोह 31 दिसंबर को ‘प्रतिष्ठा द्वादशी’ के दिन आयोजित होगा, जबकि पूजन और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम 2 जनवरी 2026 तक जारी रहेंगे। इस अवसर पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हिस्सा लेंगे और भक्ति व श्रद्धा के साथ कार्यक्रमों में भागीदारी करेंगे। शहर प्रशासन ने कार्यक्रमों को सुरक्षित और सुचारू रूप से संचालित करने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं।

