
धनबाद बीबीएमकेयू के दीक्षांत समारोह के दौरान उस वक्त सियासी विवाद खड़ा हो गया, जब टाइगर जयराम महतो का नाम राज्यपाल के अभिभाषण में लिए जाने पर तीन विधायकों ने कार्यक्रम से वॉकआउट कर दिया। टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो समारोह के बीच ही बाहर निकल गए, वहीं अन्य विधायकों ने भी नाराज़गी जाहिर की। धनबाद विधायक राज सिन्हा ने कहा कि वे कार्यक्रम में सम्मान और औपचारिकता के लिए आए थे, लेकिन उन्हें ऐसा लगा कि यह सिर्फ “मेला देखने” जैसा आयोजन बनकर रह गया। उनका आरोप था कि जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा की गई। इस घटनाक्रम के बाद दीक्षांत समारोह की गरिमा और प्रशासनिक समन्वय पर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि कार्यक्रम अपने तय एजेंडे के अनुसार पूरा किया गया, लेकिन विधायकों के वॉकआउट ने आयोजन को राजनीतिक विवाद में ला खड़ा किया। मामले पर अब सियासी प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं।

