गुरुवार को खिरियावां निवासी डॉक्टर रामनंदन गोस्वामी के घर सत्संग के नाम पर धर्म परिवर्तन का कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान 200-300 लोगों के लिए भोजन भी तैयार किया गया था। सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण विरोध करने जुट गए और स्थानीय पुलिस को सूचित किया। पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय समाजसेवी भी मौके पर पहुंचे। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारी भी शामिल हुए। कई महिलाएं और युवतियां कार्यक्रम स्थल से भाग गईं। मदनपुर थाना की टीम ने मौके पर पहुंचकर एक महिला और एक पुरुष को हिरासत में लिया।

स्थानीय नेताओं का कहना है कि गरीब और दलित वर्ग को धन, स्वास्थ्य और शिक्षा का लालच देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। पिछले वर्ष भी ऐसा कार्यक्रम रोका गया था, लेकिन इस वर्ष फिर उसी स्थान पर यही गतिविधि चल रही थी, जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया।

