
हजारीबाग पुलिस ने मुद्रा लोन के नाम पर ठगी करने वाले 9 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फर्जी संस्था बनाकर भोले-भाले लोगों को लोन दिलाने का झांसा दिया। शिकायत प्रतिबिंब ऐप पर मिलने के आधार पर विनोबा भावे नगर, सिंदूर में त्वरित छापेमारी की गई। गिरफ्तार आरोपियों में झारखंड और तेलंगाना के निवासी शामिल हैं। पुलिस ने मारुति सुजुकी ब्रेजा कार, 27 मोबाइल फोन, 7 सिम कार्ड और 23 रजिस्टर बरामद किए, जिनमें ठगी के शिकार लोगों के नाम और मोबाइल नंबर दर्ज थे। इस मामले में कोर्रा थाना में एफआईआर दर्ज की गई है और आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे जा रहे हैं। पुलिस ने जनता से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध लोन या कॉल से बचने की अपील की है। हजारीबाग पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

