
मंगलवार रात को चंदनकियारी का व्यस्ततम इलाका सुभाष चौक एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आ गया। रघुनाथपुर से आ रहा एक ट्रेलर और पुरुलिया से आ रहा एक ट्रक के बीच आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि उसकी गूंज आसपास के इलाकों तक सुनाई दी, और कुछ देर के लिए चौक पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। हालांकि, सौभाग्य से इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और बड़ा जान-माल का नुकसान टल गया। घटना के बाद इलाके में भारी रोष देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि सुभाष चौक अब एक्सीडेंट जोन में तब्दील हो चुका है, खासकर रात के समय जब भारी वाहन तेज रफ्तार में होते हैं और सुरक्षा इंतजामों की कमी हादसों का कारण बन रही है। उन्होंने जिला प्रशासन और बोकारो के उपायुक्त से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो। ग्रामीणों ने सुभाष चौक पर स्पीड ब्रेकर, सुरक्षा इंतजाम और गति सीमा निर्धारित करने की मांग की। उनका कहना था कि अगली बार प्रशासन की लापरवाही किसी की जान भी ले सकती है।

