जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में प्रोजेक्ट बचपन के अंतर्गत आंगन से आंगनबाड़ी अभियान के तहत बाल भोज सह जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपायुक्त मनीष कुमार ने प्रखंड अंतर्गत कोलाजोड़ा पंचायत के आंगनबाड़ी सह नर्सरी स्कूल केंद्र, मटियापहाड़ी का निरीक्षण किया ।उपायुक्त ने बच्चों के साथ जन्मदिन मनाते हुए केक काटा, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह एवं आनंद देखने को मिला। अधिकारियों द्वारा बच्चों को पौष्टिक एवं संतुलित भोजन परोसा गया तथा भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की गई। उपायुक्त ने कहा कि हर माह बाल भोज सह जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन

किया जा रहा है। आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण एवं शिक्षा की मजबूत नींव रखने के साथ सामाजिक सहभागिता का भी सशक्त माध्यम हैं। इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में खुशी, आपसी सद्भाव एवं स्वस्थ पोषण की आदत विकसित करते हैं। यह पहल कुपोषण मुक्त झारखंड के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उपायुक्त ने आंगनबाड़ी कर्मियों को निर्देश दिया कि वे बच्चों की नियमित उपस्थिति, पोषण स्तर एवं अभिभावक सहभागिता सुनिश्चित करते हुए अभियान को निरंतर प्रभावी रूप से संचालित करें।
