अभियान चलाकर अवैध खनन एवं परिवहन पर लगाएं सख्त अंकुश: उपायुक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई।जिले में अवैध कोयला, पत्थर एवं बालू खनन, अवैध भंडारण तथा परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर समीक्षा की गई। दिसंबर माह में अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन के मामलों में कुल 12 एफआईआर दर्ज की गई हैं। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि रात्रि में क्रशरों का संचालन किसी भी परिस्थिति में न हो, इसके लिए लगातार औचक निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को क्रशर संचालकों, लीजधारकों एवं ईंट-भट्टा संचालकों के साथ बैठक कर नियमों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन खनन लीजों की अवधि समाप्त होने वाली है, उनकी समय रहते जानकारी लेकर लीज समाप्ति के उपरांत खनन कार्य पूर्णतः बंद कराया जाए। उन्होंने खनन टास्क फोर्स को कार्रवाई और तेज करने, ओवरलोड वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई, फर्जी खनिज चालानों की सघन जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कदम उठाने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाए। कार्रवाई केवल संख्यात्मक नहीं बल्कि परिणामोन्मुख एवं गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए। उन्होंने अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अवैध खनिज कारोबारियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए निर्णायक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। टास्क फोर्स के सभी सदस्य सूचना तंत्र को मजबूत कर संयुक्त रूप से सटीक एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि अपने क्षेत्र में अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन पर पूर्ण नियंत्रण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या मिलीभगत पाए जाने पर कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन अवैध खनन पर रोक लगाने एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में निरंतर एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
