उपायुक्त मनीष कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग के साथ बैठक कर जिले एवं सभी प्रखंडों में आयोजित होने वाले ब्लड डोनेशन कैंप की तैयारियों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने बताया कि प्रत्येक माह की 24 तारीख को जिले एवं सभी प्रखंडों में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है, ताकि आवश्यकता के समय मरीजों को समय पर सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराया जा सके।उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है, जिससे अनेक जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। उपायुक्त ने सभी जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि

अभियान को गंभीरता से लेते हुए जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवाओं एवं आम नागरिकों को अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रोजेक्ट जागृति के अंतर्गत रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को जिला प्रशासन की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि शिविर स्थलों पर सभी आवश्यक चिकित्सीय व्यवस्थाएं, स्वच्छता, सुरक्षा मानक एवं प्रशिक्षित कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे रक्तदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

