
अमेठी जिले के मुसाफिरखाना में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 3 लोगों की जान चली गई और 20 लोग घायल हो गए। यह हादसा लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जब घने कोहरे के चलते एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। इसके बाद पीछे आ रही तीन ट्रकों और एक रोडवेज बस के आपस में टकराने का सिलसिला शुरू हुआ। हादसे के बाद स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। दो ट्रक ड्राइवरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे की इलाज के दौरान मौत हो गई। घायल व्यक्तियों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुसाफिरखाना और जिला अस्पताल सुल्तानपुर भेजा गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और मृतकों के परिजनों को सूचना दी जा रही है।

