
भारतीय शेयर बाजार सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार, 23 दिसंबर को मामूली गिरावट के साथ खुले। लगातार दो कारोबारी सत्रों की बढ़त के बाद सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में गिरावट देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में निफ्टी 7.5 अंक फिसलकर 26,164.20 के स्तर पर कारोबार करता दिखा, जबकि सेंसेक्स 50.96 अंक की गिरावट के साथ 85,516.52 पर पहुंच गया। आईटी और रियल एस्टेट सेक्टर के शेयरों में बिकवाली के चलते बाजार पर दबाव बना रहा। वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेत भी घरेलू बाजार को ज्यादा सहारा नहीं दे पाए। सेक्टोरल प्रदर्शन की बात करें तो निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 0.18 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, वहीं स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.02 प्रतिशत की मामूली बढ़त देखने को मिली।

