विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने मंगलवार को दिल्ली स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की कथित निर्मम हत्या के विरोध में किया गया। प्रदर्शन के चलते हाई कमीशन के बाहर तनाव का माहौल बन गया। VHP ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग करते हुए बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल

उठाए। साथ ही संगठन ने बांग्लादेश में फंसे भारतीय नागरिकों, खासकर मेडिकल छात्रों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। इस बीच, बांग्लादेश ने भारत के हाई कमिश्नर प्रणय वर्मा को तलब किया है। यह कदम भारत में बांग्लादेशी मिशनों की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच उठाया गया है। यह पूरा घटनाक्रम बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं की बिगड़ती स्थिति और भारत-बांग्लादेश के बीच बढ़ते राजनयिक तनाव की ओर इशारा कर रहा है। भारत सरकार इस पूरे मामले पर करीबी नजर बनाए हुए है।

