केंद्र सरकार के ‘वीबी-जी राम जी’ बिल के पास होने के बाद कांग्रेस की नेता सोनिया गांधी ने वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने मनरेगा के खिलाफ सरकार के कदम की आलोचना करते हुए इसे ‘बुलडोजर चलाने’ जैसा करार दिया। सोनिया गांधी ने कहा, “मनरेगा 20 साल पहले डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में एक क्रांतिकारी कदम था। यह गरीबों के लिए रोज़ी-रोटी का जरिया बना और पलायन को रोका। यह महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के सपनों की दिशा में एक कदम था।” उन्होंने मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि मनरेगा को कमजोर किया गया और महात्मा गांधी का नाम हटाया गया।

सोनिया गांधी ने कहा कि सरकार ने गांवों के बेरोजगारों और वंचितों के हितों को नजरअंदाज किया है और अब दिल्ली से रोजगार की दिशा तय की जा रही है। उन्होंने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, “हम इस हमले का मुकाबला करेंगे। कांग्रेस पार्टी और लाखों कार्यकर्ता गरीबों के साथ खड़े हैं।” सोनिया गांधी ने मनरेगा को कमजोर करने के खिलाफ संघर्ष जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।

