
बूंदी जिले के सदर क्षेत्र स्थित सिलोर पुलिया पर शुक्रवार को एक भयानक सड़क हादसा हुआ, जिसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तब हुआ जब बजरी से भरा ट्रेलर अनियंत्रित होकर कार पर पलट गया, जिससे कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा ने बताया कि कार में पांच लोग सवार थे, जो सभी टोंक जिले के निवासी और एक ही परिवार के सदस्य थे। ये लोग कोटा में किसी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। हादसे के समय, जयपुर की ओर से कोटा जा रहे ट्रेलर का टायर फट गया। इसके बाद ट्रेलर अनियंत्रित होकर सीधे कार पर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार लोग उसमें फंस गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। करीब डेढ़ घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान में क्रेन, जेसीबी और अन्य भारी उपकरणों की मदद ली गई। प्रशासन और आमजन के संयुक्त प्रयास से कार को काटकर चारों मृतक को बाहर निकाला गया और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।

