
बिहार में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान आयुष डॉक्टर नुसरत परवीन का हिजाब हटाने का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर विपक्षी दलों और मुस्लिम संगठनों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है। समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने इसे अपमानजनक बताते हुए नीतीश कुमार से सार्वजनिक माफी की मांग की है। AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने कहा कि हिजाब और बुर्का मुस्लिम महिलाओं की गरिमा और सम्मान का प्रतीक हैं और मुख्यमंत्री को बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए। वहीं, इस मामले में नीतीश कुमार के खिलाफ महाराष्ट्र अल्पसंख्यक आयोग में भी शिकायत दर्ज कराई गई है। आयोग के अध्यक्ष प्यारे खान ने घटना को गलत बताते हुए दोबारा ऐसी घटना न हो, इसके लिए केंद्रीय मंत्री को पत्र लिखने की बात कही है।

