प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत जिले के सभी मध्याह्न भोजन संचालित विद्यालयों में आज गुरूवार को तिथि भोज सह जन्मोत्सव कार्यक्रम एवं बैगलेस डे का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया।इस अवसर पर जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा विद्यालयों का भ्रमण कर छात्र छात्राओं को तिथि भोजन कराया गया। बच्चों को भोजन में पुरी, बुंदिया, मिक्स सब्जी, दाल, सलाद, अंडा, मिठाई, चिकन एवं केला परोसा गया। पदाधिकारियों ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया तथा उनके साथ केक काटकर जन्मोत्सव भी मनाया, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह एवं आनंद देखने को मिला। प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचलाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि द्वारा मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उपायुक्त ने तिथि भोज सह जन्मोत्सव कार्यक्रम की सफलता पर सभी शिक्षकों, अभिभावकों एवं शिक्षा विभाग की पूरी टीम को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि इस विशेष अवसर पर विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र छात्राओं के साथ समुदाय के बुद्धिजीवी, गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी बच्चों के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था करते हैं, जो सामाजिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उपायुक्त ने कहा कि यह ऐसा अवसर है जब समाज के लोग अपनी खुशियों को सरकारी विद्यालयों के बच्चों के साथ साझा करते हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों का उत्साह और मनोबल दोनों बढ़ता है।शिक्षा विभाग द्वारा बोलेगा पाकुड़, बाल चौपाल, आज क्या सीखें एवं फिर से स्कूल चलें हम जैसे नवाचारात्मक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाना एवं शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाना है।उपायुक्त ने शिक्षकों को निर्देश दिया कि बच्चों की नियमित उपस्थिति, पोषण आहार की गुणवत्ता तथा शैक्षणिक गतिविधियों को और बेहतर ढंग से संचालित करें तथा विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करें।

