
उत्तर प्रदेश में घने कोहरे और लगातार बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए परिवहन विभाग ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। नए आदेशों के तहत यदि दृश्यता 50 मीटर से कम होती है, तो बसों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर रोकना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही रात के समय बसों के संचालन पर भी रोक लगाने का फैसला लिया गया है। परिवहन विभाग ने कहा है कि कोहरे में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। कई बार हालात ऐसे हो जाते हैं कि सामने चल रहा वाहन भी दिखाई नहीं देता, ऐसे में यात्रियों से भरी भारी बसों का संचालन बेहद जोखिम भरा हो जाता है। नए निर्देशों के अनुसार, एक्सप्रेस-वे और अन्य प्रमुख मार्गों पर दृश्यता घटने की स्थिति में बसों को टोल प्लाजा, जन सुविधा केंद्र, विश्राम स्थल या पहले से चिन्हित सुरक्षित स्थानों पर रोका जाएगा। विभाग का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और कोहरे के दौरान होने वाले हादसों पर अंकुश लगाना है।

