झारखंड के चतरा जिले में रंगदारी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिससे इलाके के कारोबारियों में दहशत का माहौल है। हंटरगंज थाना क्षेत्र के निवासी और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता तथा पत्थर कारोबारी प्रेमचंद उर्फ प्रेम सिंह को गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर दो करोड़ रुपये की रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है। पीड़ित के अनुसार, यह धमकी विदेशी नंबर से वॉट्सऐप ऑडियो कॉल के माध्यम से दी गई। करीब एक मिनट से अधिक के ऑडियो संदेश में क्रशर व्यवसाय का उल्लेख करते हुए खुलेआम दो करोड़ रुपये की मांग की गई है। ऑडियो में कहा गया है कि “मारने से पहले भी बोलते हैं और मारने के बाद भी जिम्मेवारी लेते हैं। कोई SP–DGP भी नहीं बचा पाएगा।” पीड़ित ने बताया कि पहले बेटे की शादी का हवाला देते हुए कुछ समय के लिए पैसे की मांग टालने की बात कही गई थी, लेकिन अब रकम नहीं देने पर “खोपड़ी खोल देने” जैसी गंभीर धमकी दी जा रही है। साथ ही, धमकी देने वालों ने वॉट्सऐप पर यूट्यूब वीडियो

लिंक भेजकर खुद को कुख्यात गैंगस्टर बताया है। मामले को लेकर पीड़ित ने हंटरगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसके अलावा, उन्होंने SDPO, SP, IG, DGP और ATS SP तक लिखित शिकायत देकर सुरक्षा और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी जांच और कॉल डिटेल्स की छानबीन की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि धमकी देने वाला व्यक्ति वास्तव में गैंग से जुड़ा है या गैंग के नाम पर उगाही की कोशिश की जा रही है। इस घटना के बाद चतरा जिले के पत्थर व्यवसायियों और कारोबारियों में भय का माहौल है, वहीं पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

