धनबाद – भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने मंगलवार (16 दिसंबर 2025) को कुसुंडा एरिया स्थित एना कोलियरी का दौरा कर चल रही खनन गतिविधियों की समीक्षा की और उत्पादन तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर उनके साथ निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरली कृष्ण रामैया, निदेशक (तकनीकी-परिचालन) श्री संजय कुमार सिंह, बीसीसीएल मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, कुसुंडा एरिया प्रबंधन एवं परियोजना अधिकारी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान सीएमडी ने खनन कार्यों की समीक्षा करते हुए मशीनरी के समुचित उपयोग और क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने क्षेत्र और खान अधिकारियों के साथ ठेकेदार को निर्देश दिया कि बढ़ती दैनिक उत्पादन आवश्यकताओं को पूरा करने और निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए मशीनरी क्षमता को सुदृढ़ किया जाए। सुरक्षा और कार्यक्षमता पर विशेष बल देते हुए सीएमडी ने प्रभावी पंपिंग सिस्टम, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा प्रस्तावित

क्वारी विस्तार के लिए सभी आवश्यक वैधानिक अनुमतियों को समय पर प्राप्त करने का निर्देश दिया। श्री अग्रवाल ने कोयला डंप का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिया कि केवल गुणवत्तायुक्त कोयले का ही डिस्पैच एवं स्टैकिंग की जाए। इसके साथ ही उन्होंने मोटरेबल सड़कों के विकास, पाइपलाइन और स्प्रिंकलर की समुचित व्यवस्था कर आग की आशंका को रोकने के निर्देश दिए। ठेकेदार को स्वीकृत परिवहन क्षमता के अनुरूप ही परिचालन करने और गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन करने को कहा गया। निरीक्षण के समापन पर सीएमडी ने क्षेत्र एवं खान प्रबंधन से बेहतर समन्वय और टीमवर्क के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि उच्चतम सुरक्षा मानकों को बनाए रखते हुए गुणवत्तायुक्त कोयला उत्पादन और निर्बाध डिस्पैच सुनिश्चित किया जा सके। यह दौरा बीसीसीएल की संचालन दक्षता, कोयला गुणवत्ता और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

