
उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जसीडीह थाना क्षेत्र के बंका और देवीपुर थाना क्षेत्र के तिलजोरी में छापेमारी की। इस दौरान अवैध महुआ चुलाई शराब और विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की गई। छापेमारी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने 80 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब, 300 किलो जावा महुआ और 28.35 लीटर विदेशी शराब जब्त की। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। उत्पाद विभाग के अनुसार, जिले में लंबे समय से अवैध रूप से शराब के निर्माण और बिक्री की सूचना मिल रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दोनों स्थानों पर एक साथ छापेमारी कर अवैध शराब के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया। उत्पाद विभाग ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

