धनबाद के केंदुआ क्षेत्र में ज़मीन से कार्बन मोनोक्साइड सहित कई प्रकार की जानलेवा और हानिकारक गैसों का लगातार रिसाव हो रहा है। गैस रिसाव के कारण क्षेत्र में रहने वाले लोग भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन जीने को मजबूर हैं। लोगों को सांस लेने में परेशानी के साथ-साथ गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी रोज़मर्रा की ज़िंदगी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक जयराम महतो मौके पर पहुंचे और गैस से प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद उन्होंने बीसीसीएल के सीएमडी सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं धनबाद के उपायुक्त से विस्तार से बातचीत कर तत्काल प्रभाव से ठोस कार्रवाई की मांग की। विधायक जयराम महतो ने प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता

इंतज़ाम करने, गैस रिसाव पर शीघ्र नियंत्रण पाने तथा स्थानीय लोगों के जीवन और स्वास्थ्य की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो जाता, तब तक प्रशासन और बीसीसीएल को पूरी संवेदनशीलता के साथ राहत कार्य जारी रखना चाहिए। उन्होंने मांग की कि गैस प्रभावित लोगों को शीघ्र उचित राहत और न्याय प्रदान किया जाए, ताकि क्षेत्र में सामान्य जनजीवन बहाल हो सके।

