केन्दुआडीह थाना क्षेत्र में जहरीली गैस का रिसाव थमने का नाम नहीं ले रहा है। गैस से प्रभावित इलाकों का दौरा कई वरीय अधिकारियों द्वारा किया गया, लेकिन अब तक किसी भी अधिकारी की ओर से गैस रिसाव को पूरी तरह रोकने को लेकर कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। इसी के विरोध में शनिवार संध्या ग्रामीणों ने विशाल मशाल जुलूस निकालकर अपना आक्रोश जताया। वहीं रविवार को करीब दोपहर तीन बजे धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो केन्दुआडीह पहुंचे और प्रभावित लोगों से मिलकर उनका हालचाल जाना। इस दौरान सांसद ने धनबाद के उपायुक्त से फोन पर बातचीत कर गैस निकालने के लिए बोर होल की प्रक्रिया पर चर्चा की। उपायुक्त ने बताया कि अनुमति मिलते ही बोर होल की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। सांसद ढुल्लू महतो ने बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते बालू माफियाओं द्वारा अंडरग्राउंड माइंस में बालू की भराई कराई गई होती तो आज ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आज भी

माफियाओं के संरक्षण में आउटसोर्सिंग कंपनियां नियम-कानून को ताक पर रखकर काम कर रही हैं। मौके पर पीवी एरिया के महाप्रबंधक भी पहुंचे, जहां उन्हें ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। वहीं शनिवार को मस्जिद पट्टी की रहने वाली एक महिला जमीना खातून जहरीली गैस की चपेट में आ गईं, जिन्हें आनन-फानन में धनबाद सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों का आरोप है कि बीसीसीएल द्वारा इलाज को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन अस्पताल में 2000 रुपये की दवाइयां बाहर से खरीदने को कहा गया। महिला के परिजनों से दवा की पर्ची लेकर पीवी एरिया के महाप्रबंधक ने तत्काल दवा की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। फिलहाल गैस रिसाव जारी है, जिससे क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। उधर बीसीसीएल प्रबंधन और जिला प्रशासन गैस प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने की बात कह रहे हैं।

