टेलीकॉम सेक्टर की कंपनी वोडाफोन आइडिया के शेयरों में सोमवार, 15 दिसंबर को जोरदार तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर 3 प्रतिशत से ज्यादा चढ़कर 12.03 रुपये तक पहुंच गए, जो इसका नया 52-सप्ताह का उच्च स्तर है। यह तेजी कंपनी को AGR (एडजस्टेड ग्रॉस रेवेन्यू) बकाया भुगतान पर बड़ी राहत मिलने की संभावनाओं के बीच आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार वोडाफोन आइडिया को 83,000 करोड़ रुपये से अधिक के AGR बकाया पर 4 से 5 साल की इंटरेस्ट-फ्री मोहलत देने पर विचार कर रही है। हालांकि, ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली के चलते शेयर में थोड़ी गिरावट भी देखने को मिली।

सुबह शेयर 11.66 रुपये के आसपास कारोबार करता नजर आया। रिपोर्ट के अनुसार, मोरेटोरियम अवधि समाप्त होने के बाद कंपनी को बकाया राशि छह किस्तों में चुकानी होगी। साथ ही, AGR बकाया के दोबारा आकलन के बाद कुल राशि में करीब 50 फीसदी तक कटौती की संभावना भी जताई जा रही है।

