
सर्दी के सीजन में घने कोहरे और धुंध के कारण उड़ानों में देरी और निलंबन की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने बुधवार को अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। बैठक में मंत्री ने कोहरे के मौसम में उड़ानों के संचालन की तैयारियों का जायजा लिया और सभी हितधारकों के बीच संपूर्ण समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने बैठक के दौरान समय पर संचार और यात्रियों की सुविधा पर विशेष जोर दिया। सर्दी में कोहरे वाले समय के लिए समग्र तैयारियों का निरीक्षण करने के लिए आगे व्यापक बैठकें आयोजित करने पर भी सहमति बनी। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बैठक की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा कीं और बताया कि मंत्रालय निगरानी कक्ष के माध्यम से देशभर में इंडिगो सहित सभी एयरलाइनों के परिचालन पर लगातार निगरानी रख रहा है। यात्रियों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए नियमित निगरानी की जा रही है और नियंत्रण कक्ष की टीम प्रतिक्रिया समय बेहतर बनाने के प्रयास कर रही है।

