
धनबाद के केंदुआडीह में बीसीसीएल की आउटसोर्सिंग कंपनी की खान से जहरीली गैस रिसाव की घटना ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। इस हादसे में दो लोगों की मौत और कई लोगों के बीमार होने की पुष्टि हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने तुरंत घटनास्थल का निरीक्षण किया और दिल्ली पहुंचकर मामले को पीएमओ और कोयला मंत्रालय तक पहुँचाया। सांसद की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पीएमओ ने तत्काल निर्देश जारी किए, जिसके बाद कोयला मंत्रालय की उच्च स्तरीय टीम धनबाद पहुँची। टीम ने मौके का दौरा किया, पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और गैस रिसाव के कारणों की जांच शुरू की। क्षेत्रवासी सांसद की त्वरित सक्रियता की सराहना कर रहे हैं। टीम की रिपोर्ट जल्द केंद्र सरकार को सौंपी जाएगी।

