
अमेरिका के फ्लोरिडा में ऑरलैंडो के पास इंटरस्टेट-95 (I-95) हाईवे पर एक छोटा विमान क्रैश हो गया। हादसा उस समय हुआ जब विमान इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश कर रहा था और हाईवे पर चल रही एक कार से जा टकराया। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। ब्रेवार्ड काउंटी फायर रेस्क्यू ने बताया कि विमान कोको के पास 201 मील मार्कर पर लैंडिंग करने की कोशिश में कार से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। विमान में 27 वर्षीय पायलट और 27 वर्षीय यात्री सवार थे, दोनों सुरक्षित हैं। जिस कार से विमान टकराया वह टोयोटा कैमरी थी जिसे 57 वर्षीय महिला चला रही थी; उन्हें मामूली चोटें आईं और अस्पताल ले जाया गया। FAA के मुताबिक पायलट ने हादसे से पहले इंजन फेल होने की सूचना दी थी। NTSB ने बताया कि ट्रेनिंग फ्लाइट के दौरान विमान के दोनों इंजन बंद हो गए थे, जिसके कारण हाईवे पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।

