भारत ने शंघाई में अपने नए वाणिज्यिक दूतावास भवन का उद्घाटन करते हुए चीन के साथ आर्थिक संबंधों को और मजबूती देने का संकेत दिया है। नए परिसर का लोकार्पण चीन में भारत के राजदूत प्रदीप कुमार रावत और महावाणिज्य दूत प्रतीक माथुर ने संयुक्त रूप से किया।

आधुनिक सुविधाओं से लैस यह दूतावास व्यापार, निवेश, वाणिज्यिक सहयोग और भारतीय समुदाय की सेवाओं को और अधिक सुगम बनाएगा। अधिकारियों के अनुसार, यह नया परिसर दोनों देशों के बीच आर्थिक जुड़ाव को गहरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम में दूतावास अधिकारियों, व्यापार प्रतिनिधियों और भारतीय समुदाय के सदस्यों ने भी भाग लिया।

