
टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली 15 साल बाद घरेलू क्रिकेट में वापसी करने जा रहे हैं। कोहली ने फोन पर DDCA को बताया है कि वे विजय हजारे ट्रॉफी में खेलेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रांची में फिटनेस को लेकर दिए गए बयान के बाद BCCI के एक सीनियर अधिकारी ने उन्हें यह टूर्नामेंट खेलने के लिए तैयार किया। पहले वनडे के बाद कोहली ने कहा था कि “मुझे पता है कब आराम करना है और कब खेलना है।” उन्होंने बताया कि अब 37 साल की उम्र में रिकवरी के लिए समय चाहिए, इसलिए वे मैच से पहले एक दिन का ब्रेक लेते हैं। कोहली ने विजय हजारे ट्रॉफी में पिछला मैच फरवरी 2010 में सर्विसेज के खिलाफ खेला था। टूर्नामेंट 24 दिसंबर से अहमदाबाद में शुरू होगा। वर्तमान समय में कोहली टीम इंडिया के लिए केवल वनडे फॉर्मेट में खेल रहे हैं। वे टी-20 क्रिकेट से 29 जून 2024 में और टेस्ट क्रिकेट से 12 मई 2025 को संन्यास ले चुके हैं।

