महराजगंज जिले के मिठौरा ब्लॉक के हरखोड़ा गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में बड़ी अनियमितता सामने आई है। पात्रता की पुष्टि किए बिना ही लाभार्थियों को धनराशि जारी कर दी गई। जांच में पता चला कि चार अपात्र लोगों को भी योजना का लाभ दे दिया गया है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने आरोपों को गंभीर मानते हुए ग्राम प्रधान अनीता देवी को नोटिस जारी किया है। उनसे 15 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। डीएम ने चेतावनी दी है कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो पंचायत राज अधिनियम की धारा 95(जी) के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत प्रधान

के वित्तीय व प्रशासनिक अधिकार निलंबित कर तीन सदस्यीय समिति गठित की जा सकती है। इसी मामले में ग्राम सचिव जयहिंद शर्मा को भी नोटिस जारी किया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि योजना में गड़बड़ी पाए जाने पर किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

