श्रीलंका के तटीय क्षेत्रों और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवाती तूफान ‘दित्वाह’ लगातार उत्तर दिशा में आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार इसकी रफ्तार करीब 7 किमी प्रति घंटा रिकॉर्ड की गई है। अगले 24 से 36 घंटों में इसके प्रभाव का दायरा बढ़ने की आशंका है। 30 नवंबर को इसके प्रभाव उत्तर तमिलनाडु, पुडुच्चेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों पर दिखाई दे सकता है। तेज़ हवाओं, भारी बारिश और समुद्र में ऊँची लहरों की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने तटीय जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी कर दिया है। तूफान की दिशा और संभावित खतरे पर IMD

लगातार नजर बनाए हुए है। दूसरी ओर, कई तटीय जिलों में सुरक्षा एहतियात के तहत स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं और आपदा प्रबंधन टीमें तैयार स्थिति में रखी गई हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, समुद्र तटों के पास न जाएं और मौसम से जुड़ी आधिकारिक अपडेट पर ध्यान रखें।

