पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विवाद बढ़ गया है। सोमवार को कोलकाता स्थित चुनाव आयोग (ईसी) कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) जमा होकर प्रक्रिया के विरोध में प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने SIR के दौरान बढ़ते दबाव और अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए आयोग के मुख्य द्वार को घेर लिया। उधर, स्थिति तब तनावपूर्ण हो गई जब बूथ स्तर अधिकारियों ने लगाए गए बैरिकेड्स को तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके चलते दोनों पक्षों में झड़प हो गई। घटना के

बाद कार्यालय परिसर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बूथ स्तर अधिकारी लगातार SIR प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश और समय सीमा में राहत की मांग कर रहे हैं। इस बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रदर्शनकारियों के आंदोलन को समर्थन दिया है, जिससे मामला और गर्म हो गया है। कोलकाता में अब भी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और चुनाव आयोग हालात पर नजर बनाए हुए है।

