पश्चिम बंगाल से झारखंड तक कोयला माफिया पर प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी का अब तक का सबसे बड़ा ऑपरेशन जारी है। अवैध खनन, तस्करी और कोयले के अवैध भंडारण के खिलाफ ईडी की टीमों ने एक साथ कई जिलों में छापेमारी शुरू की है। बंगाल के दुर्गापुर, पुरुलिया, हावड़ा और कोलकाता जिलों में ईडी 24 ठिकानों पर तलाशी ले रही है। इस दौरान भारी मात्रा में नकदी और सोना बरामद हुआ है। तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि बैगों और ब्रीफकेस में 500–500 रुपये की गड्डियां भरी पड़ी हैं। इसके अलावा बड़ी मात्रा में सोने की ज्वेलरी भी मिली है। जिन लोगों के ठिकानों पर छापेमारी चल रही है, उनमें नरेंद्र खरका, युधिष्ठिर घोष, कृष्ण मुरारी कयाल, चिन्मयी मंडल और राजकिशोर यादव जैसे कोयला कारोबारी शामिल हैं। इस पूरे ऑपरेशन में 100 से अधिक ईडी अधिकारी

शामिल हैं। सुबह 6 बजे से ही यह अभियान शुरू हो गया था। इधर झारखंड में भी ईडी की कार्रवाई जारी है। रांची से धनबाद तक 18 ठिकानों पर छापेमारी हो रही है। यह छापेमारी अनिल गोयल, संजय उद्योग, एल.बी. सिंह और अमर मंडल से जुड़े अवैध कोयला कारोबार और तस्करी के मामलों को लेकर की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, ये मामले सामूहिक रूप से सैकड़ों करोड़ रुपये के सरकारी राजस्व नुकसान से जुड़े हैं। कवर किए गए परिसरों में आवासीय इमारतें, ऑफिस, कोक प्लांट, और अवैध टोल नाके भी शामिल हैं। माना जा रहा है कि आगे भी ईडी के इस अभियान में कई बड़े नाम सामने आ सकते हैं। बंगाल और झारखंड में ईडी का यह संयुक्त ऑपरेशन कोयला माफियाओं के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। आगे गिरफ्तारी और बड़े खुलासों की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा।

