लखीसराय – 16 नवंबर 2025 को समाहरणालय लखीसराय स्थित मंत्रणा कक्ष में राष्ट्रीय प्रेस दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पूर्वाह्न 11 बजे शुरू हुआ, जिसमें जिले के सभी प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मी नारायण ने की। इस अवसर पर जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र, ADM नीरज कुमार, आरक्षी अधीक्षक अजय कुमार और सूचना पदाधिकारी रवि कुमार उपस्थित थे। इस वर्ष की थीम “बढ़ती भ्रामक सूचनाओं के बीच प्रेस की विश्वसनीयता की रक्षा” पर विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया की तेज़ रफ्तार ने

खबरों के प्रसारण को बदल दिया है, परंतु इसके साथ गलत और अपुष्ट सूचनाओं का खतरा भी बढ़ा है। उन्होंने जोर दिया कि किसी भी खबर को प्रकाशित करने से पूर्व प्रशासन से उसकी पुष्टि करना आवश्यक है, ताकि भ्रामक और उत्तेजक सूचनाओं से बचा जा सके। यह भी कहा गया कि सोशल मीडिया पर कई प्रकार की सामग्री फैलाई जा रही है, जिनमें त्रुटियाँ या गलत जानकारी शामिल होती हैं। ऐसे में प्रशासन और मीडिया के बीच मजबूत समन्वय की जरूरत है। सूचना पदाधिकारी ने प्रेस की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़े अनुच्छेद 19(1)(b) का उल्लेख करते हुए कहा कि पत्रकारों को खबरों की नैतिकता और सामाजिक प्रभाव को समझते हुए जिम्मेदार रिपोर्टिंग करनी चाहिए।

