भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सह महगामा के पूर्व विधायक अशोक भगत ने जिला कार्यालय में प्रेसवार्ता किया।प्रेस को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक भगत ने कहा भाजपा जनजाति समाज के सर्वांगीण विकास करने के साथ उनके सम्मान,गौरव को बढ़ाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150 वीं जयंती वर्षगांठ को राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस घोषित किया जो बताता है कि झारखंड की जनजाति समाज, भाषा व संस्कृति प्रधानमंत्री के दिल में बसता है। जनजाति गौरव दिवस केवल जनजाति समाज का ही सम्मान नहीं बल्कि झारखंड के साढ़े तीन करोड़ जनता का सम्मान है। भाजपा की सरकार ने ही अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में अलग झारखंड राज्य का सपना साकार किया। अलग राज्य गठन की तिथि भी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को ही निर्धारित किया गया।प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि स्पष्ट है कि भाजपा की सरकार झारखंड के अमर बलिदानी महापुरुषों,योद्धाओं की सोच के अनुरूप झारखंड राज्य का विकास चाहती है।जल जंगल,जमीन की सुरक्षा,भाषा संस्कृति,परंपरा का सम्मान चाहती है।

अटल जी की सरकार ने ही केंद्र में अलग आदिवासी मंत्रालय बनाए।संथाली भाषा को भारतीय संविधान की 8वीं अनुसूची में शामिल किया। प्रधानमंत्री आवास,आयुष्मान योजना, उज्जवला योजना, गरीब कल्याण अन्न योजना का लाभ मिल रहा है। इसके अलावा जनजाति गांवों और समाज की उन्नति के लिए मोदी सरकार ने 24 हजार करोड़ पीएम जन मन योजना प्रारंभ की है। आदिवासी बच्चों की पढ़ाई के लिए एकलव्य आवासीय विद्यालय योजना का विस्तार किया है।मोदी सरकार में झारखंड सहित पूरे देश के अनेक प्रतिभावान व्यक्तित्व को चुन चुन कर पद्म सम्मान से सम्मानित किया।भगवान बिरसा मुंडा ने जहां अंतिम सांस ली उस परिसर और कक्ष को भव्य संग्रहालय के रूप में मोदी सरकार ने विकसित किया है।अंडमान निकोबार द्वीप समूह में एक द्वीप का झारखंड के अमर बलिदानी जनजाति सपूत शहीद अल्बर्ट के नाम पर द्वीप का नामकरण किया।उन्होंने कहा कि झारखंड के पूर्व राज्यपाल रहीं श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का झारखंड से गहरा नाता है और वो देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद महामहिम राष्ट्रपति पद को सुशोभित कर रही हैं। ये जनजाति समाज की पहली महिला राष्ट्रपति हैं। राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस को भाजपा प्रदेश भर में उत्सव के रूप में मनाएगी। जिसमें कई कार्यक्रम होंगे। 14 और 15 नवंबर को पूरे प्रदेश में भगवान बिरसा मुंडा और जनजाति समाज के शहीद,महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई की जाएगी, और दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया जाएगा।

