पृथ्वीनगर पंचायत में चलंत लोक अदालत सह विधिक जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन झालसा रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वाधान में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार शेष नाथ सिंह की अध्यक्षता में प्रखंड के पृथ्वीनगर पंचायत भवन में चलंत लोक अदालत सह विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार शेष नाथ सिंह, अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम, कुमार क्रांति प्रसाद, सचिव रूपा बंदना किरो, प्रभारी न्यायाधीश विजय कुमार दास, स्थायी लोक अदालत के सदस्य, बीडीओ समीर अल्फ्रेड मुर्मू, मीडियटर अधिवक्ता, डालसा कर्मी पैरा लीगल वॉलिंटियर्स, समेत पंचायत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने कार्यक्रम के उद्देश्य के बाबत कहा कि दूर दराज ग्रामीण क्षेत्रों के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाना व उन्हें कानूनी लाभ दिलाना है ताकि न्याय से

वंचित न रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा मुफ्त में मुकदमे हेतु अधिवक्ता उपलब्ध कराए जाने की बात कही जिसमें प्राधिकार द्वारा सारा खर्च वहन किया जाता है।अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम कुमार क्रांति प्रसाद ने कहा कि किसी भी प्रकार के कानूनी समस्या हो या योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो तो समस्या को जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ या पंचायत के पैरा लीगल वॉलिंटियर्स के समक्ष रखें। सचिव रूपा बंदना किरो ने बाल विवाह, बाल मजदूरी जैसी सामाजिक कुरीतियों के नकारात्मक प्रभाव के प्रति जागरूक रहने की बात कही। थाना प्रभारी गौरव कुमार ने समाज के विकास के लिए बच्चों को शिक्षा से जोड़ने, गलत कामों से दूर रहने, कानूनी विवादों से बचने को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारी दी।प्रखंड विकास पदाधिकारी समीर अल्फ्रेड मुर्मू ने कहा कि सरकार द्वारा योग्य व्यक्ति को अनाज, धोती साड़ी और पक्का आवास समेत जॉब कार्ड के तहत रोजगार मुहैया कराती है। साथ ही बुजुर्गो एवं योग्य व्यक्तियों को पेंशन संबंधित लाभ दिया जाता हैं। इस दौरान ग्रामीणों के बीच प्राधिकार से मिलने वाले कानूनी सहायता, नालसा से संबंधित योजनाओं एवं कानूनी लाभ संबंधित जागरूक पर्ची पुस्तिकाएं वितरण की गई।

